सरायकेला: सरायकेला छऊ नृत्य के प्रतिष्ठित कलाकार कुना शामल को संगीत नाटक अकादमी के उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ युवा पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष एवं छऊ कलाकार अविनाश कवि ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है. कुना शामल को यह सम्मान केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के हाथों प्रदान किया गया.



अविनाश कवि ने कहा कि कुना शामल का सम्मान केवल एक कलाकार की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे सरायकेला और समृद्ध छऊ परंपरा के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण है. इससे सरायकेला की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिली है.
उन्होंने बताया कि कुना शामल उनके घनिष्ठ मित्र हैं. दोनों ने संगीत नाटक अकादमी की गुरु-शिष्य परंपरा के तहत संचालित परियोजना के माध्यम से करीब 15 वर्षों तक साथ रहकर छऊ नृत्य का प्रशिक्षण प्राप्त किया. इस दौरान उन्होंने छऊ की साधना, परंपरा और गुरु-शिष्य संबंधों की महत्ता को करीब से समझा.
अविनाश कवि ने कहा कि यह सम्मान नई पीढ़ी के कलाकारों को छऊ नृत्य सीखने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा. उन्होंने कहा कि सरायकेला छऊ की परंपरा को संरक्षित करने के साथ युवाओं तक पहुंचाना और इसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

