चांडिल/ Bikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड कार्यालय में नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत बुधवार को 40 सूचकों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला ने की.

बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर तय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करना था. बीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और अभिसरण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने ‘सम्पूर्णता अभियान’ के छह प्रमुख प्रदर्शन सूचकों (KPIs) पर विशेष ध्यान देते हुए नियमित मॉनिटरिंग और समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर जोर दिया.
आकांक्षी प्रखंड फेलो सागर कुमार ने 40 सूचकों की वर्तमान स्थिति पर प्रस्तुतीकरण देते हुए स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन और कौशल विकास से जुड़ी प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने विभागों के बीच बेहतर तालमेल और सतत समीक्षा की आवश्यकता बताई.
बैठक में झारखंड स्टेट लाइवलिहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के बीपीएम अमित कुमार दुबे, पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट (PHED) के कनीय अभियंता सुनील बाखला, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. हरेलाल महतो, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम घोषाल, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अश्विनी कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक के अंत में सभी विभागों को क्षेत्र स्तर पर कार्यों में तेजी लाने, निगरानी तंत्र मजबूत करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के निर्धारित मानकों को प्राप्त किया जा सके.

