ईचागढ़: करम महोत्सव के अवसर पर कुकड़ू प्रखंड के पारगामा में झारखंडी इंद मेला कमेटी द्वारा इंद मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि ईचागढ़ विधायक सह युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की सभापति सविता महतो ने फीता काटकर किया.

इस दौरान मेला समिति ने विधायक को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया. मौके पर झूमर सांस्कृतिक कार्यक्रम और नृत्य का आयोजन किया गया. विधायक सविता महतो ने लोगों को करम पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि संस्कृति हमारी पहचान है, जिसे बचाए रखना आवश्यक है. उन्होंने युवाओं से इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़- चढ़कर भाग लेने की अपील की.
मेला में पुरुलिया के जंगल महल महिला झूमर दल और जमशेदपुर के रघु एवं माही डांस ग्रुप ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिसने लोगों का मन मोह लिया.
इसी क्रम में विधायक सविता महतो ने नीमडीह प्रखंड के हुंडरु पाथरडीह में आयोजित करम महोत्सव में भी शिरकत की और ग्रामीणों से मुलाकात की. कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप समेत हजारों ग्रामीण मौजूद रहे.

