कुचाई: प्रखंड के तिलोपदा पंचायत अंतर्गत सामुडीह में यूनिक स्टार क्लब के द्वारा तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में कुल 64 टीमों ने भाग लिया. रविवार को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गागराई शामिल हुए. प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला छोटा टाइगर और भाभी एफसी टीम के बीच खेला गया, जिसमें एक गोल से छोटा टाइगर की टीम विजयी रही.

विजेता टीम को ₹32,000 तथा उपविजेता टीम को ₹22,000 की नगद राशि प्रदान की गई. इसके अलावा तीसरे से लेकर 15वें स्थान तक की टीमों को भी नगद पुरस्कार दिए गए.

विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेल और खिलाड़ियों का विकास उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य लगातार किया जा रहा है. खिलाड़ी यदि लक्ष्य तय कर अभ्यास करें, तो सफलता अवश्य मिलेगी. समापन कार्यक्रम में प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, पंचायत के मुखिया राम सोय, रावण सुम्बरूई, रामलाल सोय, जामुदा सोय, मंटू होनहागा, मंगल सिंह सोय, श्यामलाल सोय, विकास गोप समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.

