खरसावां: विधायक दशरथ गागराई ने सोमवार को कुचाई प्रखंड के अंतिम छोर पर स्थित रुगुडीह पंचायत में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य और स्कूल भवन निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर व शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 63 लाख रुपये की लागत से नीमडीह से सिमरपानी तक 0.6 किलोमीटर सड़क और 42 लाख रुपये की लागत से चेतनटोला से बुबुआंग पीपीसी तक 0.4 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा. यह क्षेत्र में पहली बार पक्की सड़क का निर्माण होगा.

इसके साथ ही कुचाई प्रखंड के लेप्सो और बिरगामडीह स्थित प्राथमिक विद्यालयों में दो-दो अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भी शिलान्यास किया गया. प्रत्येक स्कूल भवन के निर्माण पर करीब 24.53 लाख रुपये की लागत आएगी. इन स्कूल भवनों के बन जाने से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिल सकेगी.

पहाड़ी क्षेत्र में इन दोनों सड़कों का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी. विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर कुचाई के पहाड़ी क्षेत्रों के गांवों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है. सड़कों के निर्माण से न सिर्फ लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि इन गांवों का विकास भी तेज गति से होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
विधायक ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा.

