कुचाई: शनिवार को TRCSC संस्था द्वारा स्वयं (SWAYAM) परियोजना के अंतर्गत कुचाई प्रखंड के छोटासेगोई पंचायत भवन में एक उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला में पंचायत के सभी ग्राम प्रधान, मुंडा, पंचायत मुखिया एवं अन्य पदाधिकारी शामिल हुए. इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बाल संरक्षण एवं बाल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देना और स्वयं परियोजना के साथ पंचायत स्तर पर समन्वय को सुदृढ़ करना रहा.

कार्यशाला का उद्घाटन छोटासेगोई पंचायत की मुखिया सुश्री लुद्री हेंब्रम ने किया. उन्होंने सभी प्रतिभागियों से बच्चों के हित में एकजुट होकर कार्य करने की अपील की.
कार्यशाला के दौरान बच्चों के अधिकार, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और बाल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई. बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों पर वीडियो के माध्यम से जानकारी दी गई. साथ ही बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में ग्राम सभा एवं ग्राम पंचायत की भूमिका और आपसी समन्वय पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया.
स्वयं परियोजना द्वारा गठित स्वस्थ कार्यकर्ता, शिक्षक, ग्रामीण और बच्चों की सहभागिता से बनी ग्राम बाल संरक्षण एवं विकास समितियों (VCPDC) को और मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया.
कार्यशाला का संचालन परियोजना सलाहकार रजत मित्रा एवं डॉ. सुरेश प्रसाद साहू ने किया. अंत में परियोजना समन्वयक गैरिका गिरि ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर मॉनिटरिंग एंड इवैल्युएशन कोऑर्डिनेटर मधुमिता दास सहित परियोजना के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.

