कोडरमा: बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पहले झारखंड के कोडरमा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रविवार देर रात मेघातरी चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई.

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सोमवार को बताया कि चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या BR-56G-4297 को रोका गया. जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें से कुल 279 पेटी अंग्रेजी शराब लोड पाई गई. बताया जा रहा है कि यह शराब बिहार में चुनाव के दौरान खपाने के लिए ले जाई जा रही थी.
एसपी ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है. उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है और सीमावर्ती इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस ने कहा कि कोडरमा जिला प्रशासन की सतर्कता के चलते शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है. इससे चुनाव में अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी.

