मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही उनके प्रशंसकों में हड़कंप मच गया. हालांकि, कुछ ही देर बाद उनकी बेटी ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर इन खबरों को भ्रामक और गलत बताया.

ईशा देओल ने लिखा, “पापा के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है. मीडिया से अनुरोध है कि अफवाहें न फैलाएं.” उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने और धर्मेंद्र की शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की.
गौरतलब है कि 89 वर्षीय अभिनेता धर्मेंद्र को उम्र संबंधी बीमारियों की शिकायत के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति स्थिर है और चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं.
धर्मेंद्र के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है, वहीं परिवार ने भी सभी से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है.

