कोडरमा: जिले की खतरनाक घाटियों में एक बार फिर सड़क हादसे ने जान ले ली. कोडरमा घाटी के जमसोती नाला के पास एक ट्रक और गैस टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. इस दुर्घटना में ट्रक के केबिन में सो रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार लोहे की शीट लदा ट्रक बोकारो से पटना की ओर जा रहा था. रास्ते में जमसोती नाला के पास एक तीखे मोड़ पर सामने से आ रहे गैस टैंकर से उसकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क किनारे खाई में जा गिरा. हादसे के वक्त ट्रक चालक और खलासी ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचा ली. लेकिन ट्रक मालिक का साला, 25 वर्षीय कुंदन कुमार, जो नालंदा का रहने वाला था, केबिन में ही दब गया और उसकी मौत हो गई.
वहीं दूसरी ओर गैस टैंकर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. हादसे की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को ट्रक से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया.
यह हादसा एक बार फिर कोडरमा घाटी की खतरनाक सड़कों और तीखे मोड़ों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर करता है. स्थानीय लोग लगातार इस घाटी में बैरियर और ट्रैफिक सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
