कोडरमा: नाबालिग के यौन शोषण के गंभीर आरोप में कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार को पुलिस ने शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया. पीड़िता का आरोप है कि इलाज के दौरान संपर्क में आए सिविल सर्जन ने उसे झांसा देकर कई बार यौन शोषण किया. मामले में ऑनलाइन जीरो एफआईआर के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई. बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष भी पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया है.


फार्म हाउस से देर रात हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, पुलिस की विशेष टीम ने शनिवार रात करीब 11 बजे डॉ. अनिल कुमार को उरवां स्थित उनके फार्म हाउस से गिरफ्तार किया. इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए तिलैया डैम थाना ले जाया गया. रविवार सुबह महिला थाने में पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां वे सिविल सर्जन के पद पर कार्यरत थे.
मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे गए
मेडिकल जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी सिविल सर्जन को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पीड़िता के आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी.

