रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने गहरा शोक व्यक्त किया है. सांसद मुंडा मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं.


इस दौरान सांसद कालीचरण मुंडा ने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि माता का निधन किसी भी व्यक्ति के जीवन की अत्यंत दुखद घटना होती है. मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन परिवार के लिए अमूल्य होता है. उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई संभव नहीं है.
सांसद मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के लिए यह अत्यंत कठिन समय है. दुख की इस घड़ी में वे शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं.
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित परिवार के सभी सदस्यों को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.

