खरसावां: झारखंड आंदोलनकारी सम्मान समिति, हेसा (सरायकेला) की ओर से खरसावां गोलीकांड स्थल जोड़ा तालाब के पास शनिवार को विश्व आदिवासी दिवस मनाया गया. इस अवसर पर एक जनवरी 1948 को हुए खरसावां गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

समिति ने इस दौरान गोलीकांड में घायल प्रत्यक्षदर्शी रहे स्व. मांगु सोय और स्व. दशरथ माझी के साथ- साथ खरसावां के अंतिम राजा स्व. श्रीरामचंद्र सिंहदेव को भी याद किया. राजा श्रीरामचंद्र सिंहदेव की तस्वीर पर समिति के सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर सम्मान जताया. कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष शंकर सोय, उपाध्यक्ष मंगल माझी, सचिव डॉ. अतुल सरदार, खरसावां राजपरिवार के राजा गोपाल नारायण सिंहदेव, सरायकेला राजपरिवार के राजकुमार त्रिविक्रम सिंहदेव, ग्राम प्रधान महासभा के अश्विनी सिंहदेव और रांची से आईं डॉ. रीना गोडसेरा शामिल हुए.

कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम नाया गणेश सरदार द्वारा पूजा- अर्चना से की गई. वक्ताओं ने आदिवासी समाज की संस्कृति, बलिदान और संघर्ष को याद करते हुए आने वाली पीढ़ी को इसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया.

