सरायकेला/ Pramod Singh जिले के खरसावां थाना अंतर्गत विषयगोडा गांव स्थित सोना नाला में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय ग्रामीणों ने नाले के किनारे महिला का शव पड़ा हुआ देखा, जिसके बाद पूरे गांव में अफरा- तफरी का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला का शव आधा पानी में और आधा किनारे पर पड़ा हुआ था. शव की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत नाले में डूबने से हुई है. हालांकि महिला के शरीर पर कोई स्पष्ट पहचान चिन्ह या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
सूचना मिलते ही खरसावां थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया है.
इस संबंध में खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और किसी भी गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
घटना के बाद गांव के लोगों के बीच दहशत और डर का माहौल है. प्रशासन से मांग की जा रही है कि जल्द से जल्द महिला की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके.

