खरसावा: शहीद दिवस 2026 के अवसर पर सुरक्षा एवं विधि- व्यवस्था संधारण को लेकर की जा रही तैयारियों का सोमवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत द्वारा स्थल भ्रमण कर निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शहीद पार्क परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आगंतुकों के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल, रूट लाइन, सुगम यातायात व्यवस्था एवं समग्र सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

इस दौरान शहीद दिवस कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसे सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए. भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी और विधि व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया.

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि खरसावां शहीद दिवस एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक कार्यक्रम है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं. ऐसे में सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें.

