खरसावां: पांड्रासाली रेलवे स्टेशन के समीप रूंगटा कंपनी की साइडिंग क्षेत्र में भंडारण कार्य पूरी तरह बंद कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन का रुख अख्तियार किया. भूमि बचाओ संघर्ष समिति, खुंटपानी के बैनर तले बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण पुंडीहासा मैदान से पदयात्रा करते हुए खुंटपानी प्रखंड कार्यालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया.



प्रदर्शन में खरसावां विधायक दशरथ गागराई भी पहुंचे. भूमि बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर साइडिंग में भंडारण कार्य बंद कराने के लिए संबंधित विभाग एवं प्रशासन के स्तर पर पहल करने की मांग की.
ग्रामीणों ने कहा- हमारी चिंताओं को गंभीरता से सुने प्रशासन
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने साइडिंग क्षेत्र में किए जा रहे भंडारण कार्य पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे जुड़ी स्थानीय लोगों की समस्याओं और चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए. ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच एवं समीक्षा कर जनहित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की.
भूमि बचाओ संघर्ष समिति का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर ग्रामीण एकजुट हैं और उनकी मांगों पर प्रशासन तथा संबंधित विभाग को गंभीरता से विचार करना चाहिए. हालांकि भंडारण कार्य को लेकर ग्रामीणों की आपत्तियों पर रूंगटा कंपनी या संबंधित प्रशासनिक विभाग का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया है.
कार्यक्रम में समाजसेवी बसंती गागराई, दुर्गा चरण पाड़िया, जिला परिषद सदस्य जमुना तियू, प्रखंड प्रमुख सिद्धांत होनहागा, साकरी, बबलू गोडसरा, सतीश पुरती, डिंबू तियू, राहुल गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे. 

