सरायकेला: जिले में अपराध, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पुलिस का जनजागरण अभियान लगातार तेज हो रहा है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर बुधवार को खरसावां थाना क्षेत्र के रायजामा गांव में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर कानून, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, बाल सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर विस्तार से जागरूक किया.

ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा शामिल हुए. थाना प्रभारी गौरव कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाज को सबसे अधिक नुकसान अफवाह, अंधविश्वास और जागरूकता की कमी से होता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में न लें और किसी भी संदिग्ध घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दें.
सभा के दौरान थाना प्रभारी ने विशेष रूप से डायन प्रथा रोकथाम अधिनियम की जानकारी देते हुए कहा कि आज भी अंधविश्वास के कारण कई निर्दोष महिलाओं को प्रताड़ित किया जाता है, जो पूरी तरह गैरकानूनी और अमानवीय है. उन्होंने कहा कि किसी महिला को डायन बताकर प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने ग्रामीणों से वैज्ञानिक सोच अपनाने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की.

महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई. थाना प्रभारी ने पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध कानून और महिला अपराध से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा, छेड़खानी, घरेलू प्रताड़ना और बाल विवाह जैसी घटनाओं को समाज में अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने महिलाओं को डायल-112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी.
साइबर अपराधों को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, ओटीपी, बैंक डिटेल या संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें. साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई.
सभा में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया गया. थाना प्रभारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट खबरों पर विश्वास करना खतरनाक हो सकता है. कई बार अफवाह के कारण निर्दोष लोगों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं हो जाती हैं, जो कानूनन अपराध है.
इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई. थाना प्रभारी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि शराब और नशा परिवार और समाज दोनों को नुकसान पहुंचाता है. उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी.
ग्राम सभा को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि पुलिस केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के लिए नहीं, बल्कि अपराध रोकने और समाज को जागरूक करने के लिए भी काम कर रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा मजबूत होना बेहद जरूरी है.
ग्राम सभा के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि गांव स्तर पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मददगार साबित होंगे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



