खरसावां: रविवार को खरसावां स्थित तसर मैदान में कुड़मी समाज खरसावां- कुचाई इकाई की ओर से बिराट करम परब का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विशाल शोभायात्रा से हुई जिसमें सैकड़ों लोग पारंपरिक वेशभूषा में मांदर की थाप पर नृत्य करते हुए देहरीडीह से निकलकर तसर मैदान पहुंचे. पूजा के पश्चात दोपहर दो बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ हुआ.

विभिन्न गांवों से आई महिलाओं- युवतियों और युवाओं ने करम नृत्य व गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. इस दौरान मैट्रिक और इंटरमीडिएट में कुड़मालि विषय से उत्तीर्ण एवं विशेष प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. साथ ही नि:शुल्क शिक्षा देने वाले शिक्षकों सुनील चंद्र महतो, त्रिलोचन महतो, तुषार कांति महतो, रामविलास महतो, दीपक महतो, गदाधर महतो और सुभाष महतो को भी सम्मानित किया गया.

मुख्य वक्ता एवं इकाई संयोजक पंकज कुमार महतो ने कहा कि करम पूजा भाई- बहन के प्रेम, प्रकृति पूजन और सामाजिक- सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है. अविवाहित बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु और सुख- समृद्धि की कामना करती हैं.

सांस्कृतिक कार्यक्रम में ओडिशा की शिखा कुमारी, राजाराम महतो और अमरदीप महतो सहित कई कलाकारों ने करम गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव- विभोर कर दिया. कार्यक्रम की सफलता में श्यामलाल महतो, बाबलु महतो, रुद्र प्रताप महतो, संजय महतो, प्रकाश महतो, दिलीप महतो, अजय महतो, शिवा महतो, सदानंद महतो, महेश्वर महतो, खिरोध महतो, तिलक महतो, बहादुर महतो और जगन्नाथ महतो का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

