खरसावां: यात्री ट्रेनों के परिचालन में लगातार हो रही देरी से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मुद्दे को लेकर खरसावां विस क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने डीआरयुसीसी सदस्य छोटराय किस्कू को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ महीनों से यात्री ट्रेनों का समय पर परिचालन नहीं हो पा रहा है. इसके कारण आम लोगों के साथ मजदूर, छात्र और व्यापारी अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं.

औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत मजदूर समय पर नहीं पहुंच पाने की वजह से उचित पारिश्रमिक से भी वंचित हो रहे हैं. यात्रियों ने डीआरयुसीसी सदस्य से आग्रह किया है कि इस समस्या को रेलवे अधिकारियों के समक्ष गंभीरता से उठाया जाए. ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो जनहित में रेल चक्का जाम करने की पहल की जाएगी. ज्ञापन सौंपने वालों में गोविंद नायक, संजय प्रधान, सुजीत प्रधान, राजू प्रधान, पवित्र प्रधान, देवव्रत प्रधान और कैलाश प्रधान प्रमुख रूप से शामिल थे.

