खरसावां: प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र स्थित लखनडीह गांव में शनिवार को जरुरतमंद ग्रामीणों के बीच 35 कंबल का वितरण किया गया. यह पहल पुलिस प्रशासन और स्थानीय कंपनी के सहयोग से की गई.

थाना प्रभारी गौरव कुमार ने ग्रामीणों के बीच कंबल वितरित करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही नहीं है, बल्कि आम लोगों के साथ विश्वास और मैत्रीपूर्ण संबंध बनाने के लिए भी है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या होने पर पुलिस को तुरंत बताएं, ताकि हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़ा रहना सुनिश्चित किया जा सके.

इस अवसर पर श्री सीमेंट कंपनी के श्री फाउंडेशन की ओर से सीएसआर के तहत कंबल उपलब्ध कराए गए. कंपनी के अधिकारी संतोष उपाध्याय ने कहा कि यह पहल ग्रामीणों की मदद और सर्दी के मौसम में राहत देने के उद्देश्य से की गई है.
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि मुंडा मानकी, ग्राम मुंडा सुदन लाल मुंडा, ग्रामीण और कंपनी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें सर्दी के कठिन मौसम में कुछ राहत मिली है.
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने इस अवसर पर दोहराया कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हमेशा लोगों की भलाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना है. ग्रामीणों ने पुलिस और कंपनी की इस पहल को समाज के लिए प्रेरक बताया.
इस तरह की पहलों से न केवल जरूरतमंदों को राहत मिलती है, बल्कि ग्रामीण और पुलिस प्रशासन के बीच भरोसा और सहयोग भी मजबूत होता है.

