सरायकेला: जिला प्रशासन और खनन विभाग ने इंडिया न्यूज़ वायरल की खबर के तुरंत बाद राजनगर प्रखंड के केसरगड़िया मौजा के पोटका पहाड़ और गोवर्धन मौजा के डांगरडीह में अवैध पत्थर खनिज के उत्खनन के मामले में कार्रवाई की. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने पाया कि उक्त स्थलों पर व्यापक रूप से अवैध पत्थर का खनन किया जा रहा था.

टीम ने मौके से लगभग 1250 घनफीट और 1550 घनफीट अवैध पत्थर खनिज बरामद किया, जिसे स्थानीय ग्राम प्रधान एवं मुखिया की उपस्थिति में विधिवत् जब्त किया गया. साथ ही, डांगरडीह मौजा से एक महिंद्रा ट्रैक्टर पर लदा पत्थर खनिज भी जब्त किया गया.

इस मामले में संबंधित नामजद अभियुक्तों, भूमि स्वामियों तथा वाहन मालिक/ चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई. इस कार्रवाई का नेतृत्व सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया ने किया. टीम में उनके अलावा राजनगर थाना प्रभारी और अन्य कर्मी भी मौजूद रहे.

