चांडिल/ Afroj Mallick

कपाली पुलिस को नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 16 ग्राम ब्राउन शुगर, एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी संख्या JH05DJ-2883 को जब्त किया है. इस दौरान आदित्यपुर निवासी ब्राउन शुगर सप्लायर मोहम्मद फिरदौस (उम्र लगभग 27 वर्ष) अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा. इस संबंध में जानकारी देते हुए कपाली थानेदार धीरंजन कुमार ने बताया कि अनुसंधान के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं.
जांच में यह बात सामने आई कि ब्राउन शुगर के धंधे में एक महिला पेडलर रेशमा परवीन (उम्र करीब 44 वर्ष), पति मोहम्मद परवेज अंसारी, भी संलिप्त है. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेशमा परवीन को कपाली के हासांडूंगरी, काला ईद भट्टा के समीप स्थित एक किराए के मकान से गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान रेशमा परवीन ने स्वीकार किया कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती, रोड नंबर एच निवासी मोहम्मद फिरदौस उसे ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था, जिसे वह आगे कपाली क्षेत्र में बेचती थी. पुलिस के अनुसार महिला मूल रूप से आदित्यपुर की रहने वाली है और पिछले करीब तीन महीनों से कपाली में किराए के मकान में रह रही थी.

थानेदार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी कि आदित्यपुर का एक युवक कपाली क्षेत्र में आकर ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहा है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की. आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया. मौके से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा. पुलिस के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है.
कपाली पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. इस छापेमारी दल में थानेदार धीरंजन कुमार, सब-इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, एसआई मोहम्मद बशीर खान, सब-इंस्पेक्टर अनीता सोरेन, टाइगर के जवान मोहम्मद दस्तगीर, विपुल कुमार समेत अन्य सशस्त्र बल शामिल थे.

