चांडिल/ Afroj Mallick कपाली के मल्लिक स्टोर के समीप मुख्य मार्ग पर हल्की सी बारिश में ही पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मुख्य मार्ग होने के कारण इस रास्ते से रोजाना सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हल्की बारिश में भी सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

राहगीरों, स्कूली बच्चों और दुकानदारों को रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ रहा है. पैदल चलने वालों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है तो वहीं वाहनों को भी बार-बार खराबी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार नगर परिषद और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

दुकानदारों का कहना है कि जलजमाव के कारण उनके व्यापार पर भी असर पड़ रहा है. ग्राहक सड़क पर पानी जमा रहने के कारण दुकानों तक नहीं पहुंच पाते. वहीं स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने भी चिंता जताई है कि जलजमाव से बच्चों को स्कूल आना-जाना मुश्किल हो जाता है और कभी भी कोई दुर्घटना घट सकती है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके.

