चांडिल/ Afroj Mallick कपाली नगर परिषद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था की बदहाली अब आम लोगों की परेशानी का कारण बन गई है. हालात ऐसे हो गए हैं कि सड़कों पर जमा बारिश का पानी अब वॉशिंग सेंटर का रूप ले चुका है.

प्रतिदिन दर्जनों लोग अपनी ऑटो, बाइक और अन्य वाहन लेकर इन जलमग्न सड़कों पर पहुंचते हैं और खुलेआम सफाई करते नजर आते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब नगर परिषद जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं कर पा रही है, तो इस पानी का उपयोग वाहन धोने में करना ही बेहतर विकल्प है.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नालों की सफाई नहीं होने और पानी की निकासी के उचित इंतजाम न होने के कारण बारिश के बाद पानी कई दिनों तक सड़कों पर जमा रह जाता है. इससे जहां एक ओर आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर सड़कें अब ‘वॉशिंग सेंटर’ बन चुकी हैं.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद अधिकारियों से लोगों ने मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र दुरुस्त किया जाए, ताकि कपाली की सड़कें पुनः आवागमन योग्य बन सकें और लोग मजबूरी में मज़ाक न बनाएं.

