चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत हिम्मतनगर के लोगों के लिए बारिश किसी अभिशाप से कम नहीं है. हर बारिश के बाद गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता है. जलजमाव की स्थिति ऐसी रहती है कि लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है. नालियां जाम पड़ी रहती हैं और पानी की निकासी का कोई स्थायी इंतजाम नहीं है.

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कपाली नगर परिषद सिर्फ टैक्स वसूलने तक सीमित रह गया है. सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी तय क्यों नहीं होती ? क्या जनता यूं ही परेशान होती रहेगी ? आखिर कब नगर परिषद स्थायी जल निकासी योजना पर अमल करेगी? क्या हिम्मतनगर को हमेशा नजरअंदाज ही किया जाएगा ?
लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक मोहल्ले की समस्या नहीं है बल्कि पूरे कपाली नगर परिषद क्षेत्र का यही हाल है. समय पर नालियों की सफाई नहीं होती. जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है. निवासियों का सवाल है कि जब हमारे वोट से नगर परिषद बनती है तो वह हमारी मूलभूत समस्याओं से आंखें क्यों मूंदे हुए है ? स्थानीय लोगों ने मांग की है कि हिम्मतनगर में स्थायी जल निकासी व्यवस्था बनाई जाए ताकि बारिश में भी सामान्य जीवन बाधित न हो. अब देखना होगा कि नगर परिषद इस गंभीर समस्या को लेकर कब कार्रवाई करती है.

