चांडिल/ Afroj Mallick

कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कपाली ओपी के पीछे नगर परिषद द्वारा निर्मित नवनिर्मित सब्जी मार्केट में एक बार फिर रौनक लौट आई है. लंबे समय से बंद पड़े इस सब्जी बाजार को अब विधिवत रूप से चालू कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और दुकानदारों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है.
गौरतलब है कि टीओपी चौक पर सड़क किनारे फल, सब्जी और अन्य दुकानों के लगने के कारण आए दिन जाम की गंभीर समस्या बनी रहती थी. इस अव्यवस्था से आम राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था. इसी समस्या के समाधान को लेकर कपाली नगर परिषद ने ठोस पहल करते हुए टीओपी चौक से दुकानदारों को हटाकर कपाली पुलिस ओपी के पीछे बने नवनिर्मित सब्जी मार्केट में शिफ्ट कराया है.

वर्तमान में फल, सब्जी सहित कई अन्य दुकानें नए बाजार परिसर में संचालित हो रही हैं. इस नई व्यवस्था के लागू होने से टीओपी चौक में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. साथ ही यातायात व्यवस्था के भी धीरे- धीरे सामान्य होने के संकेत मिल रहे हैं.
नवनिर्मित सब्जी मार्केट के शुरू होने से कपाली नगर परिषद क्षेत्र की महिलाएं, बुजुर्ग और आम लोग अब सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ वातावरण में सब्जी एवं रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीद पा रहे हैं. लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खरीदारी के दौरान जो असुरक्षा और अव्यवस्था रहती थी, उससे अब काफी हद तक निजात मिल गई है.
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि प्रशासन द्वारा इस व्यवस्था को सख्ती और निरंतरता के साथ लागू किया गया, तो न केवल यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार होगा, बल्कि नवनिर्मित सब्जी बाजार भी पूरी तरह से आबाद होकर नगर परिषद के उद्देश्य को सफल बनाएगा. अब देखने वाली बात यह होगी कि टीओपी चौक पर वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या को दूर करने की यह पहल कितनी कारगर साबित होती है.

