कपाली/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत डांगरडीह पॉलिथीन ग्राउंड के पास लाखों रुपये की लागत से बनाया गया सब्जी मार्केट अब उपेक्षा का शिकार बन चुका है.

स्थानीय सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों की सुविधा के लिए तैयार किया गया यह मार्केट बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है. उद्घाटन के बाद से ही इसके मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ है. न तो कोई देखरेख की व्यवस्था है और न ही साफ-सफाई का ध्यान रखा जा रहा है.
चारों ओर उगी झाड़ियां इस बाजार को जंगल जैसा स्वरूप दे रही हैं. धूल से भरे मैदान और झाड़ियों के बीच यह मार्केट अपनी उपयोगिता खोता नजर आ रहा है.
स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और निगरानी की कमी के कारण यह बाजार आज तक चालू नहीं हो पाया है. जनता की मांग है कि झाड़ियों की कटाई कर बाजार को साफ-सुथरा बनाया जाए और इसे शीघ्र शुरू किया जाए ताकि लोगों को एक व्यवस्थित और सुरक्षित सब्जी बाजार मिल सके.

