चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली स्थित उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है. विद्यालय की चारदीवारी के ऊपर एक खुला बिजली का तार ईंट से दबाकर रखा गया है, जो कभी भी जानलेवा हादसे का कारण बन सकता है.

सबसे चिंताजनक बात यह है कि उक्त खुले तार में करंट प्रवाहित हो रहा है या नहीं, इसकी जांच करने के लिए मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं है. विद्यालय नियमित रूप से संचालित हो रहा है और ठीक सामने शौचालय स्थित है, जहां छात्रों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. ऐसे में यदि कोई छात्र या छात्रा अनजाने में उस तार के संपर्क में आ जाए तो गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है. यह स्थिति सीधे तौर पर बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ प्रतीत होती है.
स्थानीय लोगों और अभिभावकों में इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है. उनका कहना है कि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षा विभाग और बिजली विभाग की संयुक्त जिम्मेदारी बनती है कि वे स्कूल परिसर को पूरी तरह सुरक्षित रखें. इसके बावजूद अब तक किसी ने भी मामले की सुध नहीं ली है.
लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मौके पर जांच कराई जाए, खतरनाक तार को हटवाया जाए और विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए. साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो. अब बड़ा सवाल यह उठता है कि यदि कोई अप्रिय घटना घटती है तो उसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा.

