चांडिल/ Afroz Mallik कपाली की सड़कों की दुर्दशा लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. मुख्य मार्ग हो या मोहल्लों की गलियां, हर जगह सड़कें टूटी- फूटी हालत में पड़ी हैं. बरसात के मौसम में स्थिति और भी बिगड़ गई है. गड्ढों में पानी भर जाने से आए दिन छोटे- बड़े हादसे होते रहते हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि कपाली नगर परिषद से लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तक, किसी ने भी अब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया है. मजबूरी में लोग रोजाना इन जर्जर सड़कों से गुजरने को विवश हैं. बाइक सवार और पैदल चलने वाले सबसे ज्यादा दिक्कत झेल रहे हैं, वहीं स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा भी खतरे में है.

निवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय नेताओं द्वारा सड़कों के निर्माण और मरम्मत के वादे तो किए जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन वादों की याद किसी को नहीं रहती. अब देखना यह होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि कब जागते हैं और कपाली की जनता को राहत दिलाने के लिए सड़कों की मरम्मत शुरू करते हैं.

