चांडिल/ Afroz Mallik कपाली क्षेत्र की मुख्य सड़क पर सफर करना आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. कमारगोड़ा चौक से कपाली भाभी होटल तक की सड़क वर्षों से निर्माणाधीन पड़ी है. इस दौरान मरम्मत का कार्य अधूरा रह गया और लगातार बारिश से सड़क की हालत और भी दयनीय हो गई है. जगह- जगह गड्ढे बन गए हैं जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है.

गड्ढों को अस्थायी रूप से भरने के लिए सीमेंट और बालू डाला गया है, लेकिन उसे सुरक्षित रखने के नाम पर बीच सड़क पर बड़े- बड़े बोल्डर और पेड़ की डालियां रख दी गई हैं. अचानक सामने आ जाने वाले ये बोल्डर और डालियां किसी भी वक्त गंभीर हादसे का कारण बन सकती हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस लापरवाही की वजह से राहगीरों और वाहन चालकों पर हर समय दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है. कई बार छोटे- मोटे हादसे भी हो चुके हैं.
लोगों का आरोप है कि विभागीय उदासीनता के कारण जनता की जान से खिलवाड़ हो रहा है. उन्होंने मांग की है कि सड़क का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके.

