सरायकेला/ Afroj Mallick) पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर कपाली ओपी पुलिस ने देर रात जुआ अड्डों पर छापेमारी की. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने औचक छापेमारी की, जिसके बाद जुआ खेल रहे लोग पुलिस को देखते ही चारों ओर तितर- बितर हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार कपाली में खुलेआम जुआ खेले जाने की शिकायत मिल रही थी. इसपर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के निर्देश पर देर रात पुलिस की एक टीम ने छापा मारा. छापेमारी के दौरान कई जुआरी मौके से भागने में सफल रहे, जबकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर आसपास की गलियों में छिप गए.

पुलिस ने मौके से ताश के पत्ते, शराब की बोतलें और अन्य जुआ सामग्री जब्त की है. हालांकि किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है. बताया जा रहा है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से भागे हुए लोगों की पहचान कर रही है.
देर रात हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कानून व्यवस्था के प्रति आम जनता का विश्वास बढ़ा है.

वहीं कपाली ओपी प्रभारी ने कहा कि ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. क्षेत्र में आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने बताया कि छापेमारी हेसाडुंगरी, पुड़िसिल्ली, डोबो, रूगड़ी और तमुलिया क्षेत्र में की गई.

