चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने रंगदारी और मारपीट के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को कपाली डोबो निवासी जगबंधु सिंह उर्फ कलटू सिंह (लगभग 50 वर्ष) के साथ 10 लाख रुपये की रंगदारी को लेकर मारपीट की गई थी, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस मामले का आरोपी जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र निवासी अपराधकर्मी लखन गोप उर्फ बावला (करीब 28 वर्ष) है. आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में जेल जा चुका है.
पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी फरार होकर उड़ीसा के पुरी में छिपा हुआ था. हाल ही में वह सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झीमड़ी गांव स्थित अपने ससुराल आया था. इसके बाद वह जमशेदपुर के सोनारी स्थित अपने घर पहुंचा, जहां पहले से घात लगाए पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
इस छापेमारी अभियान में ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

