चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में चर्चित मोहम्मद जब्बार हत्याकांड और हाल ही में हुई डेढ़ लाख रुपये की लूट एवं फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तारिक कुरैशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और एक जिंदा गोली भी बरामद की गई है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने बताया कि करीब सात वर्ष पहले डेमडुब्बी इलाके में कपाली ओपी के पूर्व चालक मोहम्मद जब्बार की तड़के सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी. हत्या मामले में तारिक कुरैशी का नाम सामने आया था, जो डेमडुब्बी अंसार नगर का निवासी है और वर्तमान में महाराष्ट्र के नागपुर में रह रहा था. घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था.
इधर हाल ही में कपाली के डेमडुब्बी इलाके में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से दिनदहाड़े हथियार के बल पर करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट की घटना को भी अंजाम दिया गया था. लूट के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक राउंड फायरिंग भी की थी. घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक खाली खोखा बरामद किया था, जबकि पूरी वारदात सामने लगी दुकान के CCTV कैमरे में कैद हो गई थी.
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही थी. जांच के दौरान तारिक कुरैशी की संलिप्तता सामने आने के बाद विशेष टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया. इसी दौरान आरोपी को दबोच लिया गया. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्टल और जिंदा गोली बरामद हुई. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अन्य किन-किन घटनाओं में शामिल रहा है.
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है. अधिकारियों ने साफ कहा है कि क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच इस गिरफ्तारी से कुछ हद तक राहत मिली है, लेकिन अब भी लोगों को क्षेत्र में अपराधियों के नेटवर्क के सक्रिय होने की चिंता सता रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंच बनाई जाएगी.
Report: Afroz Mallik



