कपाली: नगर परिषद द्वारा डांगरडीह पॉलिथीन ग्राउंड के समीप करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सब्जी मार्केट आज अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रहा है। सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों को एक व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए इस आधुनिक मार्केट में वर्तमान समय में केवल दो से तीन दुकानें ही संचालित हो रही हैं, जबकि अधिकांश दुकानें खाली पड़ी हैं।


जिस बाजार को क्षेत्र के प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई थी, वह आज लगभग वीरान नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, नगर परिषद ने सड़क किनारे लगने वाले अस्थायी बाजारों को व्यवस्थित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से इस सब्जी मार्केट का निर्माण कराया था। प्रारंभिक दौर में सब्जी विक्रेताओं को यहां स्थानांतरित भी किया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद अधिकांश दुकानदार अपने पुराने स्थान टिओपी चौक लौट गए।
दुकानदारों का कहना है कि नए मार्केट में ग्राहकों की संख्या काफी कम रहती है। बाजार मुख्य सड़क और घनी आबादी वाले क्षेत्रों से कुछ दूरी पर स्थित होने के कारण लोग यहां खरीदारी के लिए कम पहुंचते हैं। परिणामस्वरूप दिनभर दुकान खुली रखने के बावजूद पर्याप्त बिक्री नहीं हो पाती और आमदनी प्रभावित होती है। यही कारण है कि अधिकांश विक्रेता दोबारा टिओपी चौक पर अपनी दुकानें लगाने लगे हैं।
वहीं दूसरी ओर, टिओपी चौक स्थित पुराना सब्जी बाजार एक बार फिर पूरी तरह गुलजार हो गया है। यहां सुबह से शाम तक खरीदारों की भीड़ लगी रहती है और क्षेत्र के लोग अपनी जरूरत की सब्जियां आसानी से खरीद रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टिओपी चौक बाजार उनके लिए अधिक सुविधाजनक है, क्योंकि यह मुख्य मार्ग पर स्थित है और यहां तक पहुंचना आसान है।
स्थानीय नागरिकों ने करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए बाजार के खाली पड़े रहने पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि उचित योजना, प्रचार-प्रसार और आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाता तो बाजार को सफल बनाया जा सकता था। वर्तमान स्थिति में करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित भवन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिससे सरकारी धन खर्च होने के बावजूद अपेक्षित उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है।
स्थानीय लोगों ने कपाली नगर परिषद से मांग की है कि बाजार को पुनर्जीवित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही दुकानदारों और ग्राहकों की समस्याओं को समझते हुए ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे डांगरडीह स्थित सब्जी मार्केट में फिर से रौनक लौट सके।
फिलहाल डांगरडीह का सब्जी मार्केट सन्नाटे में डूबा हुआ है, जबकि टिओपी चौक क्षेत्र एक बार फिर कपाली के प्रमुख सब्जी बाजार के रूप में अपनी पुरानी पहचान कायम किए हुए है।
रिपोर्ट:अफरोज मलिक



