चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 अंतर्गत इमली चौक के समीप मुख्य सड़क की स्थिति दिन- प्रतिदिन बदतर होती जा रही है. सड़क पर बने गड्ढों और जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के दौरान ये गड्ढे पूरी तरह पानी से भर जाते हैं, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन और राहगीर गुजरते हैं, लेकिन गड्ढों और जलजमाव के कारण कई बार लोग दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल- बाल बचते हैं. हालात को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने अपनी पहल पर गड्ढों में ईंट और पत्थर डालकर अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की है, ताकि आने- जाने वालों को कुछ राहत मिल सके और दुर्घटनाओं से बचाव हो.
निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए. उनका कहना है कि बार- बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो यह गड्ढे और जलजमाव किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं.

