चांडिल/ Afroj Mallick

कपाली नगर परिषद क्षेत्र में आगामी नगर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस नगर अध्यक्ष कपाली शानूर रहमान ने नगर परिषद चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा कर दी है. उन्होंने बताया कि वे वार्ड संख्या 13 ताजनगर से वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवार होंगे.
वहीं शानूर रहमान की धर्मपत्नी शबनम परवीन भी वार्ड संख्या 14 से वार्ड पार्षद पद की उम्मीदवार होंगी. दोनों दंपति के एक साथ चुनाव मैदान में उतरने से कपाली नगर की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है.
घोषणा के दौरान शानूर रहमान ने अपने- अपने वार्ड के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि जनता एक बार दोनों दंपति को विजयी बनाकर भेजती है, तो वे जनविश्वास पर सौ प्रतिशत खरा उतरेंगे. उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य वार्ड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना, मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है.
शानूर रहमान ने यह भी कहा कि नगर परिषद के माध्यम से पारदर्शी तरीके से विकास कार्य कराए जाएंगे और हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा. इस घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं अन्य राजनीतिक दलों ने भी अपनी रणनीति तेज कर दी है.

