चांडिल/ Afroz Mallik कपाली क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी की घटनाओं को रोकने के लिए कपाली ओपी में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने की. इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

बैठक के दौरान स्थानीय नेताओं ने कपाली क्षेत्र में नौजवानों में बढ़ती नशे की लत को गंभीर चिंता का विषय बताया और कहा कि यह युवाओं के भविष्य के लिए खतरनाक है. ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में विशेष गश्ती अभियान चला रही है. नशा बेचने और करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. झामुमो नेताओं ने अभिभावकों और समाजसेवियों से अपील की कि वे बच्चों पर नजर रखें और सही दिशा में मार्गदर्शन करें. बैठक का उद्देश्य सामुदायिक सहयोग से नशामुक्त कपाली की दिशा में ठोस कदम उठाना था.
बैठक में झामुमो अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष शेख फरीद, उपाध्यक्ष मोहम्मद अरशद, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद नौशाद, नगर अध्यक्ष सैयद सलाउद्दीन, कोषाध्यक्ष इकबाल अहमद समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे.

