चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली नगर निकाय चुनाव के बीच चुनावी माहौल में नया विवाद सामने आया है. अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मोहम्मद इरफान अंसारी समेत कई वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के चुनावी पोस्टर, बैनर और होर्डिंग फाड़े जाने का मामला प्रकाश में आया है.

इस संबंध में अध्यक्ष प्रत्याशी मोहम्मद इरफान अंसारी ने कपाली ओपी पुलिस को लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार कपाली नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए चुनाव प्रचार सामग्री को अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त किया जा रहा है.
मोहम्मद इरफान अंसारी ने आरोप लगाया कि देर रात या सुनसान समय में सुनियोजित तरीके से पोस्टर, बैनर और होर्डिंग फाड़े जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इससे न केवल चुनाव प्रचार प्रभावित हो रहा है बल्कि चुनावी माहौल खराब करने की भी कोशिश की जा रही है. उन्होंने बताया कि मामले की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ- साथ कोल्हान क्षेत्र के डीआईजी, जिला उपायुक्त, सरायकेला एसपी, चांडिल एसडीपीओ और संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को भी फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से दे दी गई है. ताकि प्रशासन तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करे.
मोहम्मद इरफान अंसारी ने कहा कि चुनाव के दौरान कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इससे प्रत्याशियों के बीच तनाव उत्पन्न हो सकता है और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
उन्होंने यह भी दावा किया कि जिन स्थानों पर पोस्टर और बैनर फाड़े गए हैं वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है. यदि फुटेज की जांच की जाए तो आरोपियों की पहचान संभव है.
इधर शिकायत मिलने के बाद कपाली ओपी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है और साक्ष्य मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. चुनावी माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए निगरानी भी बढ़ाई जा रही है.

