चांडिल: अनुमंडल अंतर्गत कपाली क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर प्रमुखता से उठाया गया है. ईद-उल-अजहा को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में कपाली नगर परिषद के उपाध्यक्ष मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू ने क्षेत्र की बिजली समस्या को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया.

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि कपाली क्षेत्र लंबे समय से बिजली संकट से जूझ रहा है. लगातार बिजली कटौती और अनियमित आपूर्ति के कारण आम लोगों के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है.
मोहम्मद शाबान उर्फ सिंटू ने चांडिल एसडीओ विकास कुमार राय से मांग करते हुए कहा कि कपाली क्षेत्र को बालीगुमा ग्रिड से बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुचारु बिजली सेवा मिल सके. उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था पूरी तरह लाचार साबित हो रही है और लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है.
उन्होंने विशेष रूप से कपाली सब्जी बाजार की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि बाजार में लगातार बिजली बाधित रहने से दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. शाम के समय बिजली नहीं रहने से कारोबार प्रभावित हो रहा है और आम नागरिकों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
बैठक में मौजूद एसडीओ विकास कुमार राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में वार्ता कर आवश्यक पहल की जाएगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है और लोगों की परेशानियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



