चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के खड़ीयाकोचा में सोमवार देर रात उस समय अफरा- तफरी मच गई जब एक युवक खून से लथपथ हालत में मिला. घायल को तुरंत एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

घायल की पहचान मोहम्मद मुजाहिद (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 1 गोलघर के पास रहते हैं. उन पर तेजधार चाइना चापड़ से हमला किया गया जिससे उनके कानपट्टी के नीचे गंभीर चोट आई है.
घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अब्दुल रेहान (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया, जो आजाद नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 15 का निवासी है. पुलिस के अनुसार इस हमले में शामिल अन्य दो आरोपी मोहम्मद अयान और मोहम्मद अमन की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी.

