कांड्रा/ Bipin Varshney रेलवे ओवर ब्रिज पुलिस प्रशासन और आम जनता के लिए लगातार परेशानी का सबब बना हुआ है. शनिवार देर रात एक बार फिर इसी ब्रिज पर ट्रक का गुल्ला टूट जाने से दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने हाइड्रा और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने की कोशिश की, लेकिन प्रयास नाकाम रहा और यातायात बाधित रहा.

स्थानीय लोगों ने बताया कि ओवर ब्रिज पर तीखे मोड़ होने के कारण लंबे और भारी वाहनों को घुमाने में अक्सर दिक्कत होती है. ऐसे में वाहन खराब होने या दुर्घटना की स्थिति में जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है. प्रतिदिन भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही इस मार्ग से होती है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है.
पुलिस प्रशासन को इस मार्ग पर आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार मशक्कत करनी पड़ती है. वहीं, ओवर ब्रिज की डिजाइन और इंजीनियरिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं. खबर लिखे जाने तक सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लगा हुआ है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

