कांड्रा/ Bipin Varshney श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी कांड्रा कॉलोनी की ओर से सोमवार को बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मां लक्ष्मी पूजा का आयोजन धूमधाम से किया गया. सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचने लगे और पूरे वातावरण में मां लक्ष्मी के जयकारे एवं मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई देने लगी. कमिटी के सदस्यों ने विधि-विधान के साथ मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.

पूजा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर भक्ति भाव से पूजा में भाग लिया. कई श्रद्धालुओं ने परिवार सहित मां लक्ष्मी के समक्ष दीप जलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया. इस अवसर पर भक्तों के बीच भोग एवं प्रसाद का वितरण किया गया. मंदिर परिसर को फूलों, झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक आभा छा गई थी.
पूजा के सफल आयोजन में कमिटी के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही. उन्होंने पूजा की सभी तैयारियों का जिम्मा उठाया और पूरे कार्यक्रम को अनुशासित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया. शाम में आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मां लक्ष्मी की आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया.

