कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र के पदमपुर टोल प्लाजा के समीप बुधवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक अज्ञात पैदल व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार व्यक्ति सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे किसी बड़े वाहन का चक्का सीधे उसके ऊपर चढ़ गया. हादसा इतना भयावह था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मृतक का पेट फट गया और आंतें बाहर निकल आईं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई.

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत कांड्रा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस ने कहा है कि फरार वाहन की पहचान के लिए पदमपुर टोल प्लाजा के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है. पुलिस का मानना है कि कैमरा फुटेज के आधार पर जल्द ही वाहन और चालक का पता लगाया जा सकेगा. घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई और लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर रात के समय विशेष गश्त बढ़ाई जाए.

