कांड्रा थाना अंतर्गत लखना सिंह घाटी में बुधवार को तेज रफ्तार टिप टेलर ने ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे बुलेट सवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया.


घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सड़क से हटाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपने पेट्रोलिंग वाहन में राहगीरों की मदद से घायल को चढ़ाकर इलाज के लिए अस्पताल ले गई.
घायल की पहचान अब तक नहीं हो पाई है क्योंकि वह बेहोश है. हालांकि, बुलेट का रजिस्ट्रेशन नंबर खंगालने पर पता चला कि यह बाइक पार्वती घाट जुगसलाई के सागर लोहरा के नाम पर दर्ज है. हादसे में बुलेट का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.
इधर, दुर्घटना को अंजाम देने वाले टिप टेलर वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

