कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र अंतर्गत चाडरी मोड़ से पहले बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसमें बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक संख्या JH 05EB 2808 सरायकेला की ओर से आ रही थी. इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या JH06R- 9122 में बाइक पीछे से जा टकराई. बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर बदला जा रहा था और वह सड़क पर खड़ा था.
अंधेरा और पर्याप्त संकेतक नहीं होने के कारण बाइक सवार को खड़े ट्रक का अंदाजा नहीं हो सका, जिससे जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक चला रहे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार बच्चा घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आदरडीह निवासी करणों कुम्भकार के रूप में हुई है. बताया गया है कि वह वर्तमान में बीरबांस में रहकर रामकृष्णा फोर्जिंग में कार्यरत था.
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस और सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

