जमशेदपुर: बिष्टुपुर सीएच एरिया निवासी और शहर के जाने- माने उद्यमी देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के रहस्यमयी तरीके से लापता होने से पूरे शहर में हलचल मच गई है. मंगलवार दोपहर करीब दो बजे से कैरव गांधी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. घटना को लगभग 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन न तो पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है और न ही परिवार के सदस्य कुछ भी कहने को तैयार हैं. धीरे- धीरे कैरव गांधी का लापता होना एक गहरे रहस्य का रूप लेता जा रहा है.

परिजन पूरी तरह खामोश हैं और किसी भी तरह की जानकारी साझा करने से बच रहे हैं. घर पर रिश्तेदारों और करीबी लोगों का आना- जाना लगातार जारी है, लेकिन माहौल पूरी तरह शांत और चिंताजनक बना हुआ है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैरव गांधी का अंतिम मोबाइल लोकेशन सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर इलाके में ट्रेस किया गया था. इसके बाद उनकी क्रेटा कार पड़ोसी जिला सरायकेला- खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा के पास झाड़ियों से बरामद की गई है. कार की बरामदगी के बाद मामले ने और भी गंभीर मोड़ ले लिया है और कई सवाल खड़े हो गए हैं. बता दें कि कैरव गांधी के पिता देवांग गांधी आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं. उनका आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में इंपीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड समेत कई औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं. गांधी परिवार को जमशेदपुर का एक प्रतिष्ठित और रसूखदार परिवार माना जाता है.
फिलहाल जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां, दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से कैरव गांधी की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. शहरवासियों की नजरें अब पुलिस की कार्रवाई और इस रहस्य से पर्दा उठने पर टिकी हुई हैं.

