जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने गुरुवार को क्षेत्र में तूफानी जनसंपर्क अभियान चलाया. इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले भी उनके समर्थन में पहुंचे.

रिंकू सिंह और अमरप्रीत सिंह काले ने वीर कुंवर सिंह चौक से चौक बाजार तक पदयात्रा की. पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिनमें सिख समुदाय के मतदाता भी मौजूद रहे. जगह- जगह दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने दोनों नेताओं का स्वागत किया.

इससे पहले सुबह रिंकू सिंह ने जुगसलाई नगर परिषद पार्क पहुंचकर मॉर्निंग वॉक कर रहे मतदाताओं से मुलाकात की और क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” छाप पर मतदान करने की अपील की. मॉर्निंग वॉकर्स ने उन्हें समर्थन का भरोसा दिलाया.
इसके बाद रिंकू सिंह श्री टाटानागर गौशाला पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर गौ सेवा की और लोगों से समर्थन मांगा. गौशाला परिसर के स्टाफ क्वार्टरों में भी उन्होंने जनसंपर्क किया.
दोपहर बाद एमई स्कूल रोड स्थित मद्रासी मुहल्ला में घर- घर जाकर जनसंपर्क किया गया. इस दौरान “रिंकू सिंह जिंदाबाद” के नारे लगे और बड़ी संख्या में महिला- पुरुष समर्थक अभियान में शामिल रहे.

