जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में भाजपा- एनडीए के नेता लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं. इसी क्रम में बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू जुगसलाई पहुंचे और एक कार्यक्रम में रिंकू सिंह का संकल्प पत्र जारी किया.

इस अवसर पर आदित्य साहू ने कहा कि जुगसलाई में अमन- चैन और विकास सुनिश्चित करने के लिए सही प्रत्याशी का चयन आवश्यक है. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि और आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखकर मतदान करें. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर रिंकू सिंह की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया.

दूसरी ओर, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने लोकनाथ अपार्टमेंट में आयोजित सभा में क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” पर मुहर लगाकर रिंकू सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की. सभा की अध्यक्षता आजसू पार्टी के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की.
सभा में रिंकू सिंह ने अपने संकल्प पत्र की प्रमुख बातों से लोगों को अवगत कराया. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की. इस मौके पर प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, पूर्व चेयरमैन मुरलीधर केडिया, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.

