जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह के समर्थन में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने पदयात्रा कर जनसंपर्क किया.

दोनों नेताओं ने जुगसलाई के सर्वांगीण विकास के लिए मतदाताओं से क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” छाप पर मुहर लगाकर रिंकू सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की.

पदयात्रा सह जनसंपर्क अभियान में प्रत्याशी रिंकू सिंह भी शामिल रहीं. समर्थकों ने “रिंकू सिंह जिंदाबाद”, “अर्जुन मुंडा जिंदाबाद” और “सरयू राय जिंदाबाद” के नारे लगाए. विधायक सरयू राय की पदयात्रा नया बाजार से शुरू होकर गौशाला चौक, गौशाला नाला रोड, कचहरी मुहल्ला और छपरहिया मुहल्ला होते हुए आगे बढ़ी.
वहीं अर्जुन मुंडा ने चौक बाजार स्थित मुख्य कार्यालय से रामटेकरी रोड होते हुए ऋषि भवन तक पदयात्रा की. जगह- जगह स्थानीय लोगों ने नेताओं का स्वागत किया और रिंकू सिंह के पक्ष में मतदान का भरोसा जताया.
सभा को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने राष्ट्रवाद को प्राथमिकता देने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद का चुनाव अहम है और इस चुनाव में “भारत को जिताना है.”
मीडिया से बातचीत में सरयू राय ने कहा कि लंबे समय के बाद निकाय चुनाव हो रहा है और रिंकू सिंह सशक्त एवं योग्य उम्मीदवार हैं. उन्होंने कहा कि जुगसलाई और मानगो में राष्ट्रवादी शक्तियां एकजुट हो रही हैं और मतदान की तिथि आते- आते स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.
सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जिला महामंत्री अनिल मोदी सहित भाजपा-एनडीए के कई कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे.
इससे पूर्व सुबह रिंकू सिंह ने अपने मुख्य चुनावी कार्यालय से स्टेशन रोड समेत आसपास के इलाकों में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया.

