रांची: झारखंड में एक बार फिर भारी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है. उत्तर तेलंगाना और बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है. रविवार को रांची, खूंटी और लोहरदगा सहित कई जिलों में झमाझम बारिश हुई जिससे मौसम सुहाना हो गया, लेकिन सड़कों पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या ने लोगों को परेशान किया.

मौसम विभाग ने बताया है कि 15 से 18 सितंबर तक राज्य के ज्यादातर जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा. कई जगहों पर भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार 15 सितंबर को रांची, खूंटी, रामगढ़, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, बोकारो, गिरिडीह, देवघर, साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और गोड्डा जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
16 सितंबर मंगलवार को देवघर, दुमका, गिरिडीह, जमुआ, रांची, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, चतरा और रामगढ़ जिलों में तेज बारिश हो सकती है. विभाग ने कहा है कि कुछ हिस्सों में बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा. बुधवार 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के दिन भी देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जमुआ, पाकुड़, साहेबगंज, हजारीबाग, कोडरमा, पलामू, गढ़वा और चतरा जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने नागरिकों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और बिजली गिरने के दौरान पेड़ या बिजली के खंभे के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.

