सिमडेगा: जिला प्रशासन ने अवैध कारोबार और गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान तेज कर दिया है. उपायुक्त कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अर्शी के निर्देश पर रविवार को अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी के नेतृत्व में कोलेबिरा पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई की है.

अभियान के दौरान अवैध बालू खनन की छापेमारी की जा रही थी. इस क्रम में एक बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा गया. इसी दौरान सूचना के आधार पर एक कार को रोका गया. कार की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से लगभग 60 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया. मौके पर ही पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार तस्करों की पहचान वाहन चालक संजय कुमार (जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश), आकाश कुमार यादव (ग्राम आलापुर, थाना मीरगंज, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश) तथा पाण्डेय संबलपुर (ग्राम जुलवानी, थाना मदोही, जिला भदोही, उड़ीसा) के रूप में की गई है. कोलेबिरा पुलिस ने तीनों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एसडीओ प्रभात रंजन ज्ञानी ने बताया कि यह संयुक्त कार्रवाई प्रशासन की सख्त नीति का हिस्सा है. अवैध कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

